गंगोत्री धाम रवाना हुई मां गंगा की डोली, रविवार को खुलेंगे कपाट

उत्तरकाशी। मां गंगा की डोली अपने शीतकालीन प्रवास से 12 बजकर 35 मिनट पर गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। 21 पुरोहित, जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में डोली रवाना हुई। डोली रात्री विश्राम भैरो घाटी में करेंगी। लॉकडाउन के चलते मां गंगा की डोली पहली बार बिना श्रद्धालुओं के रवाना हुई। रविवार को अक्षय तृतीया पर गंगोत्री धाम के कपाट पूरे विधि-विधान से खोले जाएंगे। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के दिन पौराणिक परंपरा अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तय शुभ मुहूर्त पर 26 अप्रैल को विधिवत खुलेंगे। कपाट खोलने को मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं तीर्थ पुरोहितों सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अब सिर्फ तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए लॉक डाउन में गंगोत्री, यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के समय प्रशासन ने 21 लोगों को ही मंजूरी दी है। बेहद सीमित संख्या में लोग धाम खुलने के समय मौजूद रहेंगे। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरा ध्यान रखना होगा। मुखबा से गंगोत्री धाम को निकलने वाली डोली यात्रा में इस बार आर्मी बैंड नजर नहीं आया। इसके स्थान पर इस बार स्थानीय वाद्ययंत्रों को शामिल किया गया है।