अध्यक्ष विधानसभा उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार श्रीमती ऋतु खण्डूड़ी भूषण जी ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न होली मिलन कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।

देहरादून।

अध्यक्ष विधानसभा उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार श्रीमती ऋतु खण्डूड़ी भूषण जी ने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न होली मिलन कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर क्षेत्रवासियों के साथ रंगोत्सव की खुशियां साझा कीं। पूरे दिन आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सर्वप्रथम श्रीमती खण्डूड़ी वार्ड नं० 36, लोकमणिपुर में कुमाऊनी सामाजिक सांस्कृतिक मैत्री समिति द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में पहुंचीं। कार्यक्रम गढ़‑कुमाऊनी संस्कृति पर आधारित रहा, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक मंडलियों द्वारा लोकगीत, नृत्य एवं पारंपरिक प्रस्तुतियां दी गईं। उन्होंने कहा कि हमारी लोक संस्कृति ही हमारी पहचान है और ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।

इसके पश्चात भाबर मण्डल महिला मोर्चा की मण्डल अध्यक्ष श्रीमती सिमरन बिष्ट द्वारा शिव मंदिर, झंडीचौड़ में आयोजित महिलाओं के होली मिलन कार्यक्रम में उन्होंने सहभागिता की। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक होली गीतों के साथ उत्सव मनाया। श्रीमती खण्डूड़ी ने महिलाओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।

दोपहर में उन्होंने अपने कैंप कार्यालय के प्रांगण में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ होली मिलन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने एक‑दूसरे को अबीर‑गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र के विकास एवं जनसेवा के संकल्प को दोहराया।

शाम को कुमकुम गार्डन में श्रीमती लीला कंडवाल एवं उनकी टीम द्वारा आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में भी उन्होंने उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से होली का उल्लास व्यक्त किया गया।

अपने संबोधन में श्रीमती ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने कहा कि पिछले दो दिनों से वे लगातार विभिन्न होली मिलन कार्यक्रमों में सम्मिलित हो रही हैं और क्षेत्रवासियों के स्नेह से अभिभूत हैं। उन्होंने बताया कि कल आदरणीय सांसद श्री अनिल बलूनी जी भी क्षेत्र में पहुंचे थे। यह होली कोटद्वार के लिए विकास की नई सौगात लेकर आई है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित लालढांग‑चिल्लरखाल मार्ग का रास्ता सुप्रीम कोर्ट से साफ हो गया है, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। साथ ही सांसद श्री बलूनी द्वारा कंडी मार्ग के लिए भी शीघ्र कार्य प्रारम्भ कराने का आश्वासन दिया गया है, जिससे आने वाले कुछ महीनों में कोटद्वार को बड़ी राहत मिलने वाली है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कोटद्वार के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने हेतु लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सहयोग देने की भी अपील की।

अंत में श्रीमती खण्डूड़ी ने सभी क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छ, सुरक्षित, पर्यावरण‑अनुकूल एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से होली मनाने का अनुरोध किया और कहा कि यह पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता का संदेश देता है।