डॉ. लाल पैथोलॉजी लैब फ्लेबोटोमिस्ट ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र, प्लेसमेंट पत्र एवं छात्रवृत्ति प्रदान

 

कोटद्वार,

विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने आज कोटद्वार स्थित देवी रोड पर संचालित डॉ. लाल पैथोलॉजी लैब फ्लेबोटोमिस्ट ट्रेनिंग सेंटर में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र, प्लेसमेंट पत्र एवं छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि कौशल विकास आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कौशल विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 04 सितंबर को इस प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन ब्रिगेडियर डॉ. लाल के साथ संयुक्त रूप से किया गया था। आज इस संस्थान से प्रशिक्षित विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं प्लेसमेंट पत्र प्राप्त करते देख यह स्पष्ट होता है कि यह केंद्र क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित कर रहा है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज एवं मानवता की सेवा में करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. लाल पैथ फाउंडेशन के सीएसआर प्रमुख श्री राजेश सिंह, बी-एबल फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री वेद प्रकाश शर्मा, डॉ. लाल पैथलैब्स फाउंडेशन के श्री आशीष डांगर एवं श्री पंकज इस्सर, बी-एबल फाउंडेशन के श्री अनीस कुरैशी, श्री हरि सिंह पुंडीर, श्री महेश सिंह (मुन्ना फौजी), श्री राजेंद्र जेजेड़ी, श्री मुकुल नेगी सहित संस्थान के अधिकारी, प्रशिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।