देहरादून में हुई बूंदाबांदी, पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी
देहरादून। सोमवार को राजधानी देहरादून में बादल छाए रहे। जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके बाद दून में बूंबाबांदी शुरू हो गई। वहीं शनिवार के हुई बर्फबारी के बाद अब मसूरी में खून जमाने वाली ठंड पड़ रही है। सोमवार को काशीपुर, रामनगर में धूप खिली है। हरिद्वार, पंतनगर, अल्मोड़ा, लोहाघाट, चंपावत, रुद्रपुर, नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए हैं। ठंड बढ़ गई है।
चमोली जिले में आसमान में घने बादल छाए हैं। दोपहर बाद यहां बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। उत्तरकाशी जनपद में सुबह से बादल छाए हैं। जिले के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के ऊंचाई वाले इलाकों में एकबार फिर बर्फबारी हो सकती है। रुद्रप्रयाग से केदारनाथ तक घने बादल छाए हैं। यमुनोत्रीधाम के साथ ही खरशाली, जानकी चट्टी, फूलचट्टी आदि क्षेत्र में बर्फबारी हो रही है। जबकि यमुना घाटी में बारिश का मौसम बना हुआ है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी डॉ. दीपशिखा रावत ने बताया कि मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के हिसाब से जिले में सभी विभागों को सतर्क कर दिया है। इसके लिए यदि किसी विभाग के पास संसाधनों की कमी है तो वह जिला प्रशासन से संपर्क कर सकता है। लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान आदि विभागों के कर्मचारियों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जेसीबी, चूना और नमक आदि के साथ तैनात रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
