नड्डा को ज्ञापन सौंपकर देवस्थानम एक्ट वापस लेने की मांग की

चारधाम देवस्थानम एक्ट का विरोध कर रहे तीर्थ पुरोहित बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले। उन्होंने नड्डा को ज्ञापन सौंपकर देवस्थानम एक्ट वापस लेने की मांग की। तीर्थ पुरोहितों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने पंडा-पुरोहितों से चर्चा किए बिना एक्ट लागू कर दिया।

देवभूमि तीर्थ पुरोहित हक हकूकधारी महापंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से उनके आवास पर मिला। इस दौरान महापंचायत ने नड्डा को एक ज्ञापन भी सौंपा। महापंचायत के प्रवक्ता डॉ. बृजेश सती ने बताया कि राज्य सरकार ने तीर्थ पुरोहितों और मंदिरों से जुड़े हकहकूक धारियों से कोई वार्ता नहीं की।

उन्होंने कहा कि देवस्थानम कानून लाकर राज्य सरकार ने तीर्थ पुारहितों के अधिकारों पर कुठाराघात किया है। इस पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि इस संदर्भ में मुख्यमंत्री से वार्ता की जाएगी। इसके बाद तीर्थ पुरोहित वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात करने उनके आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने जोशी को देवस्थानम एक्ट की जानकारी दी और इससे तीर्थ पुरोहितों को होने वाले नुकसान के बारे में बताया। इस पर डॉ. जोशी ने कहा कि वे इस बारे में पार्टी पदाधिकारियों से बात करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में महापंचायत के महामंत्री हरीश डिमरी, संगठन मंत्री उमेश सती और उपाध्यक्ष जगमोहन उनियाल शामिल थे।

भाजपा की मसूरी मंडल कार्यकारिणी घोषित

भाजपा ने  मसूरी मंडल की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी है। मंडलाध्यक्ष मोहन पेटवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राकेश अग्रवाल, प्रेमसिंह पंवार, गंभीर सिंह पंवार, अमित भट्ट उपाध्यक्ष, कुशाल सिंह राणा व नारायण सिंह राणा महामंत्री, गुड्डी देवी, कमला थपलियाल, राहुल रावत व जगदीश पयाल व मंजू चौहान को मंत्री बनाया गया है।

इसके अलावा नरेंद्र पडियार कोषाध्यक्ष, अरविंद सेमवाल मीडिया प्रभारी तथा विजय बिंदवाल को सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि पार्टी की नीतियों के अनुरूप कार्यसमिति में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।