जनरल-ओबीसी कर्मचारियों ने बढ़ाया मदद का हाथ

जनरल-ओबीसी कर्मचारियों ने बढ़ाया मदद का हाथ
देहरादून। कोरोना से लडने के लिए जनरल ओबीसी कर्मचारी एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को एक लाख रुपये का चेक भेजा गया है। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष दीपक जोशी ने बताया कि एसोसिएशन के रुद्रप्रयाग इकाई ने कोरोनावायरस की महामारी से लड़ने के लिए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को एक लाख रुपये का चेक सौंपा है। संगठन की ओर से कहा गया कि वर्तमान में पूरा विश्व कोरोनावायरस की महामारी से पीड़ित है और धीरे-धीरे देश में भी यह बीमारी पांव पसार रही है। ऐसे में इस पर नियंत्रण और रोकथाम के लिए विशेषज्ञों की ओर से सुझाए गए उपायों पर ध्यान देने की जरूरत है। संस्था ने रुद्रप्रयाग की चिकित्सा व्यवस्थाओं के लिए डीएम को एक लाख रुपये का चेक भेजा है। संस्था की ओर से विक्रम सिंह झिंकवान, डीएस बिष्ट, सुरेंद्र सिंह मिनवाल आदि लोगों ने सभी जनरल-ओबीसी कर्मचारियों का धन्यवाद किया है।

लॉक डाउन में मिली 3 घंटे की छूट
लोगों ने आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की
लॉक डाउन को लेकर प्रशासन मुस्तैद
देहरादून। वैश्विक महामारी घोषित हो चुके कोरोनावायरस को लेकर सरकार किसी भी तरह की लापरवाही बरतना नहीं चाहती है। साथ ही लोगों को दिक्कत ना हो इसको लेकर भी सरकार पूरी तरह से तैयार है। मंगलवार को शहर में तमाम आवश्यक वस्तुओं की दुकानें 3 घंटे के लिए खोली गई। सुबह 7:00 बजे से 10:00 बजे तक लोगों ने अपने जरूरत का सामान खरीदा।जिसके बाद फिर पूरे दिन शहर लॉक डाउन रहा। आवश्यक वस्तुएं जैसे फल, सब्जी, दूध, राशन और मेडिकल स्टोर आदि की दुकानों पर लोग खरीददारी करते दिखे। वहीं पुलिस भी पूरी तरह लॉक डाउन को लेकर मुस्तैद दिखी। पुलिस की ओर से जगह-जगह बैरियर लगाकर अनावश्यक रूप से बाहर घूम रहे लोगों को रोका जा रहा था। प्रशासन की ओर से सख्त निर्देश है कि ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। शहर को पूरी तरह से लॉक डाउन करने के लिए एसपी सिटी श्वेता चौबे को खुद कमान संभालने पड़ी। बता दें पेट्रोल पंप, अस्पताल, केमिस्ट, नगर निगम, मीडिया और एंबुलेंस को लॉक डाउन से मुक्त रखा गया है। वहीं पूरे दिन शहर में सन्नाटा पसरा रहा। लोग घरों से बाहर आने से बचते दिखे। अनावश्यक रूप से बाहर निकल रहे लोगों के वाहनों का चालान किया जा रहा है साथ ही पुलिस की ओर से जागरूकता भी फैलाई जा रही है। सोमवार को लॉक डाउन होने के बावजूद भी कई लोग सड़कों पर घूमते दिखे थे। जिसके बाद प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा। वहीं अब जाकर लॉक डाउन कारगर होता दिख रहा है।