ये मौसम बड़ा बेईमान है…
ढौंडियाल
देहरादून। एक ओर चीन की बेईमानी का खामियाजा पूरा विश्व भुगत रहा है। वहीं दूसरी ओर इस बार पहाड़ों का मौसम भी शरारत भरी बेईमानी करने पर उतारू है। अमूमन मार्च अंत तक गर्मी काफी बढ़ने लगती है जो कि अप्रैल आने तक पूरी तरह चरम पर पहुंचने लगती है। लेकिन इस बार पहले प्रदेश में जमकर हुई बर्फबारी के मौसम ने लोगों को चौंकाया वहीं अब यह बारिश है कि हर सप्ताह बरस जाती है। मानो उत्तराखंड के पहाड़ बारिश के मायका होंगे और चैत्र का महीना लगने पर मायके में ही रहने का विचार बना रहे हों। बीते सप्ताह के भीतर लगभग तीसरी बार मौसम ने अपनी करवट बदली है। जिसका असर पहाड़ों के साथ ही मैदानी भागों में भी पड़ रहा है। देहरादून, हरिद्वार हो या हल्द्वानी बादल जमकर बरस रहे हैं। लॉक डाउन के चलते लोग घरों में बंद तो है लेकिन मौसम के बहाने चाय पकौड़े का आनंद लेना तो हम भारतीयों की आदतों में शामिल है। ऐसे में लोगों को यह मौसम जरूर भा रहा होगा। एक ओर फिक्र है कि यह मौसम में ऐसा अभूतपूर्व बदलाव कहीं ग्लोबल वॉर्मिंग के बढ़ते हुए खतरे के संकेत तो नहीं हैं। वहीं इस बात का शुक्र है कि इस बार गर्मीयां थोड़ी देर से आयेंगी। साथ ही बारिश से भूमि पर्याप्त मात्रा में पानी से रिचार्ज हो रही हैं। आप सभी पाठक इस समय कोरोनावायरस से लड़ने के लिए कोरोना वारियर्स की भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में मौसम भी आप को प्रफुल्लित करने और मन को शांत करने आपके गांव व शहर पहुंचा है। सुहावने मौसम का खुलकर अभिनंदन कीजिए और आनंद उठाइए कि आप पहाड़ी राज्य में हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि बदलते मौसम में सेहत का ख्याल रखें। बता दें फिलहाल आने वाले कुछ दिनों तक पहाड़ों में बारिश के साथ ही ठंड बढ़ने के आसार हैं।