जल्द से जल्द मजदूरों को उनके गृह राज्य पहुंचाया जाय : महंत दुर्गादास


देहरादून। बीते शुक्रवार को महाराष्ट्र के औरंगाबाद में रेलवे ट्रैक पर सो रहे प्रवासी मजदूरों पर ट्रेन चढ़ गई थी। इस हादसे में 16 मजदूरों की मौत हो गई थी। इसको लेकर श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्माण कुंभ मेला प्रबंधक महंत दुर्गादास महाराज जी ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद में बेकसूर मजदूरों की दर्दनाक मौत की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। महंत दुर्गादास जी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह पूरे देश में मजदूरों की स्थिति पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि आज इस वैश्विक महामारी से पूरा देश मजबूती के साथ लड़ रहा है। लेकिन कहीं न कहीं मजदूर वर्ग इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। महंत ने कहा कि ऐसे समय में जब काम करने के साथ ही खाने को कुछ है ही नहीं तो मजदूर लोग जैसे तैसे अपने घरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए यह तय करना चाहिए कि कोई भी इस संकट की घड़ी में भूखा न रहे। साथ ही उन्होंने मांग रखी कि जल्द से जल्द मजदूरों को उनके गृह राज्य तक पहुचाने की उचित व्यवस्था की जाए।