मजदूरों की लगातार हो रही दुर्दशा पर छलका बाबा का दर्द


देहरादून। रेलवे ट्रैक पर सो रहे प्रवासी मजदूरों पर ट्रेन चढ़ने की घटना को अभी 1 सप्ताह भी ठीक से हुआ नहीं था कि इस बीच उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से लगातार मजदूरों की हादसों में मौत ख़बरें आने लगी। मजदूरों के साथ लगातार बढ़ रही घटनाओं पर अपना रोष जताते हुए श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्माण कुंभ मेला प्रबंधक महंत दुर्गादास महाराज जी ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। शनिवार को देहरादून दर्पण से हुई बातचीत में महंत दुर्गादास ने कहा कि सभी सरकारों को नींद से जागना होगा। उन्होंने कड़े शब्दों में सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को मज़दूरों की मजबूरी को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारों को मजदूरों की हालात को लेकर अधिक संवेदनशील होने की आवश्यकता है। इससे पहले भी मजदूरों की मौत को लेकर महंत दुर्गादास ने केंद्र सरकार से मांग की थी कि वह पूरे देश में मजदूरों की स्थिति पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि आज इस वैश्विक महामारी से पूरा देश मजबूती के साथ लड़ रहा है। लेकिन कहीं न कहीं मजदूर वर्ग इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। महंत ने कहा कि ऐसे समय में जब काम करने के साथ ही खाने को कुछ है ही नहीं तो मजदूर लोग जैसे तैसे अपने घरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए यह तय करना चाहिए कि कोई भी इस संकट की घड़ी में भूखा न रहे। साथ ही उन्होंने मांग रखी कि जल्द से जल्द मजदूरों को उनके गृह राज्य तक पहुचाने की उचित व्यवस्था की जाए।