कर्तव्य संस्था ने किया महंत रविन्द्र पुरी को कोरोना योद्धा के तौर पर सम्मानित

 


देहरादून। कर्तव्य संस्था की ओर से लॉकडॉन में लगातार 75 दिन तक जनसेवा कार्य चलाया गया। बुधवार को संस्था के पदाधिकारियों ने सेवा कार्यों को विश्राम देते हुए चरण पादुका मंदिर पहुंचकर मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष व निरंजनी अखाड़े के सचिव श्री महंत रवींद्र पुरी महाराज को फूल माला पहना कर उनसे आशीर्वाद लिया। इस मौके पर श्री महंत रवींद्र पुरी महाराज ने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में किए गए कार्य अवश्य ही मनुष्य के लिए फलदाई सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ सेवा भाव से की गई सेवा से अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है। महंत रवींद्र पुरी महाराज ने कर्तव्य संस्था के अध्यक्ष मनोज मंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि इस कोरोना काल में उनके नेतृत्व में गंगा घाटों पर बेसहारा जरूरतमंदों की आवश्यकताओं को पूरा किया जाना प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि गरीब असहाय निर्धन परिवारों की मदद करना ही सामाजिक दायित्व को दर्शाने वाला कार्य है। वहीं इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष मनोज मंत्री ने कहा कि श्री महंत रवींद्र पुरी महाराज की प्रेरणा से ही इस विपदा की घड़ी में सेवा कार्य चलाए गए। उन्होंने बताया कि 75 दिन तक निरंतर हर की पैड़ी सहित तमाम गंगा घाटों और उत्तरी हरिद्वार के क्षेत्र में जरूरतमंदों की आवश्यकताओं को पूरा किया गया। मंत्री ने कहा कि श्री महंत रवींद्र पुरी के योगदान की जितनी भी प्रशंसा की जाए उतना कम है। उन्होंने बताया कि निर्धन परिवारों के साथ ही महंत रवींद्र पुरी ने पीएम केयर फंड व मुख्यमंत्री राहत कोष में चेक देकर देश व प्रदेश के स्तर पर भी मदद के लिए हाथ बढ़ाया। वहीं इस मौके पर अरुण प्रकाश राघव, भूपेंद्र गिरी, कृष्ण कुमार सैनी, विक्की गुप्ता, दीपू तोमर, सुरेंद्र कुमार, आदित्य, अमृतपाल, अर्जुन सिंह लोधी, अरुण कुमार, गौरव पहलवान, वैभव और वीरेंद्र अरोड़ा के साथ ही मनसा देवी मंदिर के ट्रस्टी अनिल शर्मा आदि मौजूद रहे।