आरटीओ में बनने लगे हैं लाइसेंस जल्दी करवाएं रजिस्ट्रेशन

मुख्य संवाददाता – संदीप ढौंडियाल
देहरादून। वैश्विक महामारी कोरोना का ऐसा थपेडा पड़ा है कि कई नामी-गिरामी कंपनियों के साथ ही कई सरकारी संस्थानों के कामकाज पर भी इसका व्यापक असर देखने को मिला है। लेकिन धीरे-धीरे होते अनलॉक ने आम जनमानस को थोड़ी फौरी राहत देने का काम किया है। वहीं लगभग 3 महीने के लॉकडाउन के बाद आरटीओ ने भी अब अपने काम की रफ्तार पकड़ ली है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारिका प्रसाद ने बताया कि लॉकडाउन के बाद से ही वाहनों के रजिस्ट्रेशन का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन शुरू होने से लेकर अब तक कमर्शियल और नॉन कमर्शियल मिलाकर लगभग 6 हजार वाहनों का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि भीड़ को ध्यान में रखते हुए अब ऑनलाइन ही पंजीकरण किए जा रहे हैं। द्वारिका प्रसाद ने बताया कि मौजूदा समय में सभी सेक्शनों को मिलाकर प्रत्येक दिन 100 लोगों को स्लाॅट जारी किए जा रहे हैं। जिससे सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन किया जाए। वहीं आरटीओ के झाझरा स्थित कार्यालय में पक्के लाइसेंस बनने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिनमें प्रत्येक दिन 40 लोगों को स्लॉट जारी किए जा रहे हैं। वहीं फिलहाल लर्निंग लाइसेंस बनाने वालों को अभी और इंतजार करना होगा। साथ ही पक्के लाइसेंस के लिए पूर्व में कराए गए पंजीकरण संख्या से ही दोबारा आवेदन करने पर नया स्लॉट जारी किये जा रहे हैं।
वहीं आरटीओ कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष दौलत पांडे ने जानकारी देते हुए कहा कि डिपार्टमेंट के लाइसेंस, फिटनेस और परमिट आदि विभिन्न सेक्शनओं में प्रतिदिन 40 लोगों को स्लॉट दिए जा रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों को होने वाली परेशानियों को लेकर बात करते हुए कहा कि कर्मचारियों में डर का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से कार्यालय में सिक्योरिटी से लेकर सोशल डिस्टेंसिंग तक का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इसके बावजूद भी भय के माहौल में कहीं न कहीं कर्मचारी मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं। पांडे ने कहा कि विभिन्न स्थानों से आने वाले लोग कर्मचारियों के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि इतना बडा खतरा होने के बाद भी कर्मचारी पूरी लगन से कार्य कर रहे हैं। वहीं आरटीओ कार्यालय के बाहर तमाम ऐसे लोग भी खड़े दिखे जो किसी न किसी तरह की जानकारी लेने वहां पहुंचे थे। ऐसे में कर्मचारियों के साथ ही लोग भी खासा परेशान होते नजर आए।