जिले के कार्ड धारक अब पूरे भारत में कहीं भी ले सकते हैं राशन : कंडारी

संदीप ढौंडियाल
देहरादून। जिले के राशन कार्ड धारकों के लिए एक खुशखबरी है। वे अब पूरे भारत में किसी भी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से राशन खरीद सकते हैं। जिसके लिए उन्हें राशन कार्ड को आधार से लिंक करवाना अनिवार्य होगा।
इस विषय पर बात करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) जसवंत सिंह कंडारी ने बताया कि जिले में राशन कार्ड को आधार से जोड़ने का काम लगातार तेज गति से चल रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से वन नेशन वन कार्ड के तहत सितंबर तक की डेडलाइन दी गई है। जिसे समय रहते पूरा कर लिया जाएगा। कंडारी ने बताया कि बाहर से आने वाले लोगों को भी जिले में राशन उपलब्ध होना शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि यह पूरी तरह बायोमेट्रिक पर आधारित है। इसलिए आधार से राशन कार्ड को लिंक करवाना जरूरी है।
बता दें भारत सरकार की ओर से एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजना लागू की गई है। इसके तहत सभी राशन कार्ड को आधार कार्ड से जोड़ा जाना है। साथ ही बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से कार्ड धारक पूरे भारत में कहीं भी राशन ले सकते हैं। यह योजना गरीब, मजदूर और ऐसे लोगों को ध्यान में रखकर बनाई गई है जो रोजगार या किसी अन्य कारण से एक राज्य से दूसरे राज्य में प्रवास करते हैं। डीएसओ कंडारी ने योजना को व्यावहारिक बताते हुए कहा कि विभाग जल्द से जल्द सभी कार्डों को ऑनलाइन करने पर कार्य कर रहा है।