महेन्द्र सिंह धोनी का क्रिकेट से घोषित संन्यास

महेन्द्र सिंह धोनी का क्रिकेट से घोषित संन्यास अप्रत्याशित नहीं, सालभर से कर रहे थे इसकी तैयारी
धोनी ने अडानी की बिल्डिंग में खोली फिल्म कंपनी
साक्षी सिंह धोनी और सूरज सिंह को कंपनी का निदेशक बनाकर 25 जनवरी 2019 को खोली कंपनी

महेंद्र सिंह धोनी मेहनतकश लोगों के लिए तरक्की पाने की मिसाल हैं। मिसाल वह इस बात की भी हैं कि मेहनत और किस्मत एक साथ काम आए तो फिर इंसान कैसे देखते देखते देश के सबसे रईस लोगों में गिना जाने लगता है। धोनी का शनिवार को क्रिकेट से घोषित संन्यास अप्रत्याशित नहीं है। इसकी तैयारी वह साल भर से कर रहे थे। झारखंड के कंपनी रजिस्ट्रार के दस्तावेज बताते हैं कि महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी सिंह धोनी और सूरज सिंह को कंपनी का निदेशक बनाकर 25 जनवरी 2019 को एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी खोली गई।

नाम रखा गया, धोनी एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड। धोनी ने इससे पहले भी एक एंटरटेनमेंट कंपनी चलाने की कोशिश की थी, लेकिन उसमें उनके क्रिकेट की दुनिया के बिजनेस पार्टनर अरुण पांडे भी शामिल थे। ये नई कंपनी बिना अरुण पांडे के चलेगी। दुनिया में ओटीटी और टीवी कंटेंट बनाने वाली बड़ी कंपनी बानीजे की भारतीय शाखा बानीजे इंडिया से हाथ मिलाने के बाद ही धोनी ने मनोरंजन की दुनिया में मजबूत कदम रखने की तैयारी की है। डिजनी प्लस हॉटस्टार के लिए उनकी कंपनी कंटेंट बनाना शुरू भी कर चुकी है।

बानीजे की भारतीय शाखा के सर्वेसर्वा हैं, कभी एंडेमॉल शाइन की देखरेख करते रहे दीपक धर। एंडेमॉल के पास ही भारत में ‘बिग बॉस’ जैसे दुनियाभर में लोकप्रिय कार्यक्रम बनाने का लाइसेंस है। बानीजे इंडिया और धोनी एंटरटेनमेंट ने इसके बाद ही संयुक्त उपक्रम में मनोरंजक कार्यक्रम बनाने का फैसला किया। सुशांत सिंह राजपूत को अपने साथ लेकर नीरज पांडे के निर्देशन में अपनी बायोपिक बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने इस संयुक्त उपक्रम के एलान के वक्त कहा था कि उनके पास कहने को बहुत कुछ है और ये सब वह ऑडियो वीडियो माध्यम से दुनिया के सामने लाना चाहते हैं।

धोनी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के दौरान ही ये पता चला कि धोनी ने अपनी कंपनी धोनी एंटरटेनमेंट का नया दफ्तर मुंबई के अंधेरी पश्चिम की सबसे पॉश इमारत अडानी वेस्टर्न हाइट्स में खोल लिया है। इस दफ्तर की पूजा कोरोना का संक्रमण काल शुरू होने से कुछ ही हफ्ते पहले हुई थी। धोनी ने अपनी कंपनी का लोगो भी बहुत शानदार बनाया है। इसमें एक कैमरा है और जहां रील लगाने की जगह होती थी, वहां दो क्रिकेट की गेंदें बनी हुई हैं। इशारा साफ है कि धोनी अभी क्रिकेट के मैदान से दूर हुए हैं, लेकिन क्रिकेट से नहीं। कंपनी का फेसबुक पेज भी अभी 25 अप्रैल को ही बना है।