पूर्व पौड़ी विधायक सुंदरलाल मंद्रवाल का हार्ट अटैक से निधन
देहरादून। कांग्रेस के पूर्व विधायक सुंदरलाल मंद्रवाल का 83 वर्ष की आयु में हृदय गति रुकने से निधन हो गया है। सुंदरलाल मंद्रवाल ने निधन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुख व्यक्त किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने आज कांग्रेस के एक सक्रिय सिपाही को खो दिया है। सुंदरलाल कोट ब्लॉक के देल गांव के रहने वाले थे, वे दो बार विधायक भी रहे। पौड़ी के पूर्व विधायक सुंदरलाल मंद्रवाल के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कांग्रेस के नवल किशोर ने बताया कि सुंदरलाल मंद्रवाल साफ छवि के व्यक्ति थे। उन्होंने बताया कि वे साल 2002 से 2007 में श्रीनगर और साल 2012 से 2017 तक पौड़ी से विधायक रहे। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस ने अपना एक सक्रिय कार्यकर्ता खो दिया है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने जब भी उन्हें जिम्मेदारी दी उन्होंने उसे बखूबी निभाया। साफ छवि और सामान्य व्यवहार के चलते लोग उनसे जुड़ते चले गए. पहाड़ के इलाकों में कांग्रेस पार्टी को गांव-गांव तक मजबूत करने के लिए वह लगातार ईमानदारी से कार्य करते रहे। वहीं, कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता नीलम रावत ने कहा उनके जाने से पार्टी को बड़ा नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा इस दुख की इस घड़ी में कांग्रेस उनके परिवार के साथ खड़ी है।