कुछ अनोखा होगा इस बार का ‘कुंभ’, शानदार होगी थीम

कोरोना काल में श्रद्धालुओं के लिए खुशी की सौगात लाने जा रहा है, कुंभ मेला। कुंभ जो भारत का सबसे बड़ा पर्व है, हरिद्वार में इस बार ‘कुंभ-2021’ के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। इसे अनोखा बनाने के लिए ‘ग्रीन और क्लीन’ कुंभ की थीम रखी गई है। इसमें गंगा की शुद्धता और पर्यावरण के साथ कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए ख़ासा ख्याल रखा जाएगा। इसके साथ ही विद्युत खपत के लिए सौर ऊर्जा का इस्तेमाल किया जाना है।

इतिहास में पहली बार कुंभ मेला शुभांरभ समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह भी ग्रीन-कुंभ की थीम पर ही आधारित होगा और इस मौके पर बड़े पैमाने में ‘ईको-फ्रेंडली’ आतिशबाजी और लेजर शो कराने की तैयारी चल रही हैं। कुंभ मेलाधिकारी दीपक रावत के मुताबिक इस बार पूरी हरकी पैड़ी क्षेत्र कुंभ नगर सोलर पावर आधारित एलईडी लाइट्स से रोशन रहेंगे और कुंभ मेला स्थल, नहर पटरी मार्ग को खूबसूरत बनाने के लिए सैकड़ों की तादाद में लगाए जाने वाले ‘हैरिटेज पोल’ भी सौर ऊर्जा आधारित होंगे।

इसके साथ ही पूरे क्षेत्र को ग्रीन क्षेत्र घोषित कर केवल बैटरी और सौर ऊर्जा से चलने वाले वाहनों को ही इस क्षेत्र में चलने की अनुमति होगी। पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहनों पर पाबंदी लगाई जाएगी। अधिकारियों द्वारा कोशिश अब यह की जा रही है कि कुंभ के दौरान बिजली पर होने वाले खर्च को कम किया जाए। जिसके लिए विभागों द्वारा कुछ योजनाएं तैयार हो चुकी हैं, और कुछ पर काम चल रहा है।