फटी जींस विवाद में कांग्रेस ने किया सचिवालय प्रदर्शन


देहरादून। उत्तराखण्ड युवा कांग्रेस ने आज सीएम द्वारा रिप्ड जींस को लेकर दिये गये बयान पर सचिवालय कूच किया। प्रदर्शन के दौरान सचिवालय के बाहर जम कर बवाल हुआ। जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आज युवा कांग्रेस के आह्वान पर सैंकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सोशल मीडिया प्रदेश अध्यक्ष शिल्पी अरोड़ा सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों को सचिवालय से पहले ही बैरिकेडिंग लगा कर रोक दिया गया। जिस पर कुछ कार्यकर्ता बेरिकेडिंग पर चढ़ गये और आगे जाने की कोशिश करने लगे। इस पर पुलिस कर्मियों ने उनको वापस धकेल दिया। इस अवसर पर सोशल मीडिया कमेटी की चेयरमेन शिल्पी अरोड़ा का कहना था कि सीएम का यह बयान बेहद निंदनीय है। यह देशभर की महिलाओं का अपमान है और सीएम को इसके लिए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
वहीं इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हंगामे को देखते हुए पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया जहां से उनको पुलिस लाइन ले जाया गया। वहीं महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने आज कांग्रेस भवन में फटी जींस पहन कर सीएम के बयान का विरोध किया।