कोटद्वार, द्वारीखाल क्षेत्र के सिलोगी-जाखणीखाल-अमोला मोटर मार्ग पर बुधवार देर रात एक वाहन के गहरे खाई में गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत।

कोटद्वार, द्वारीखाल क्षेत्र के सिलोगी-जाखणीखाल-अमोला मोटर मार्ग पर बुधवार देर रात एक वाहन के गहरे खाई में गिरने से  तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद से मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया। यहां प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब ग्राम अमोला निवासी सतपाल सिंह पुत्र माल सिंह, कलम सिंह पुत्र बचन सिंह व राहुल सिंह पुत्र मातबर सिंह बुधवार देर रात को मैटर्स वाहन से सिलोगी से अपने गांव की ओर जा रहे थे। गाड़ी को सतपाल सिंह चला रहा था। वाहन जैसे ही ग्राम बड़ेथखाल के समीप पहुंचा कि तभी चालक ने उस पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे का पता चलते ही बड़ेथखाल के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत प्रशासन को सूचना दी। सूचना पाकर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से हादसे में घायल तीनों लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चैलूसैंण पहुंचाया। लेकिन वहां चिकित्सक ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। तीन ग्रामीणों की हादसे में मौत हो जाने की खबर सुनते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।