नकल विरोधी कानून को लेकर धामी के सम्मान में भाजपाई निकालेंगे आभार रैलियां

देहरादून। भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा नकल माफिया के खिलाफ की गई कार्रवाई और नकल रोकने के लिए बनाए गए नकलरोधी कानून के लिए उनके सम्मान में आभार रैलियों का आयोजन करने जा रही है। जिसकी शुरुआत 1 मार्च को हल्द्वानी से की जाएगी।
भाजपा नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिस तरह से निडरता के साथ नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है वह काबिले तारीफ है। मुख्यमंत्री धामी ने भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच कराकर जिस तरह से अधिकारियों और नकल माफियाओं को जेल पहुंचाया है उसके लिए मुख्यमंत्री सम्मान के पात्र हैं। भाजपा अब उनके सम्मान में प्रदेश में आभार रैलियों का आयोजन करने जा रही है। भाजपा नेताओं का कहना है कि इसकी शुरुआत हल्द्वानी के रामलीला मैदान से 1 मार्च को होगी। प्रदेश में इस तरह की चार आभार रैलियां निकाली जाएगी। जिनमें से दो कुमाऊं और दो गढ़वाल मंडल में आयोजित की जाएगी।
भाजपा नेताओं द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर हल्द्वानी में आयोजित होने वाली 1 मार्च की आभार रैली में खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे तथा इस रैली में 10 हजार युवाओं के भाग लेने की उम्मीद है। भाजपा नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री के इस प्रयास से न सिर्फ नकल माफिया पर नकेल कसी जाएगी बल्कि प्रदेश के युवाओं को न्याय मिल सकेगा। भाजपा नेताओं का कहना है कि धामी सरकार ने जिस तरह नकल विरोधी कानून लाया गया है वह देश का सबसे सख्त कानून है। अब अगर कोई नकल करेगा या नकल कराएगा तो उसे उम्र कैद तक की सजा होगी। इस कानून को बनने से अब राज्य में पारदर्शी परीक्षाएं संभव हो सकेगी। भाजपा धामी सरकार के इस काम को उनकी बड़ी उपलब्धि मानती हैं और इसके लिए उनका आभार व्यक्त करने के लिए आभार रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। उनका कहना है जो धामी ने किया है वह करने का साहस अब तक कोई भी सरकार और मुख्यमंत्री नहीं दिखा सका।