विकास नेगी उत्तराखण्ड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत

देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा विकास नेगी को उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया (आईटी) विभाग का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही विशाल मौर्या, साकेत कंडारी एवं घनश्याम फुलेरा को प्रदेश समन्वयक की जम्मेदारी सौंपी गयी है। इन पदाधिकारियों को नियुक्त किये जाने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
माहरा ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए कांग्रेस पार्टी को सोशल मीडिया के माध्यम से मजबूती प्रदान करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का आईटी सेल लगातार देश की जनता के सामने गलत आंकड़़े रखकर भ्रमित करने का काम कर रहा है। ऐसे में पार्टी का कर्तव्य है कि देश और प्रदेश की जनता के सम्मुख सही आंकडे़ रखे ताकि कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया के दौर में तथ्यहीन, भ्रामक एवं काट छंट करके खबरें चलाने के मामले में भाजपा के आईटी सेल को महारथ हासिल है हर झूठी खबर को तोड़ मरोड़कर पेश किया जा रहा है। भाजपा आईटी सेल लगातार झूठ फैलाने का काम कर रहा है, वहीं कांग्रेस सच को सामने रखने का प्रयास कर रही है। अब कांग्रेस आईटी सेल की जिम्मेदारी है कि वह सच को पुरजोर तरीके से जनता के सामने रखे व बिना तोडे़ मरोडे़ भाजपा के झूठ को जनता के सामने लाये।