हेली टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू

देहरादून।प्रदेश में इस वर्ष चारधाम यात्रा 22 अप्रैल से शुरू हो रही है। 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।   इसके लिए शनिवार आठ अप्रैल से केदारनाथ के हेली सेवा की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास परिषद (यूकाडा) का फोकस इस बार हेली सेवाओं के सुरक्षित संचालन पर है। दरअसल, गत वर्ष अक्टूबर में केदारघाटी से वापस लौटते हुए एक हेलीकाप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इससे हेली सेवाओं के संचालन को लेकर सवाल खड़े हो गए थे। सवाल हेली सेवाओं के संचालन को लेकर बनाए गए मानकों के अनुपालन पर भी उठे। कहा गया कि कई बार निर्धारित मानक से अधिक हेलीकाप्टर एक साथ घाटी में उड़ते हैं। इसे देखते हुए यूकाडा ने इन पर नजर रखने के लिए कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। किसी हेली कंपनी द्वारा मानकों के उल्लंघन की बात पुष्ट होने पर उस पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। केदारनाथ मार्ग पर गरुड़चट्टी, लिनचोली, गौरीकुंड, रामबाड़ा व केदारनाथ हेलीपैड पर कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।