दुष्कर्म के प्रयास में होमस्टे संचालक  दो साथियों सहित गिरफ्तार

नैनीताल। जनपद में होमस्टे संचालक द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पर्यटकों के साथ आयी मेड के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। हालांकि मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए होमस्टे संचालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
दुष्कर्म के प्रयास का यह मामला विश्व प्रसिद्व नैनीताल स्थित भीमताल का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भीमताल के एक होमस्टे में कुछ पर्यटक आकर रुके थे। बताया जा रहा है कि उनके साथ उनकी मेड भी आई थी। आरोप है कि होमस्टे संचालक द्वारा होमस्टे में कार्यरत दो युवकों के साथ मिलकर बुधवार को मेड के कमरे में जाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। इस बात की जानकारी जब पर्यटकों को हुई तो उन्होने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। जिस पर पुलिस ने सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सी.ओ.नितिन लोहनी के नेतृत्व में टीम बनाई। पुलिस टीम ने तत्काल धरपकड़ शुरू कर घटना में लिप्त तीनों अरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों के नाम किशोर, रौशन और दीप बताये जा रहे है।