सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सीएचसी डोईवाला में रक्तदान शिविर आयोजित
डोईवाला, । प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डोईवाला में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डोईवाला के विधायक श्री बृजभूषण गैरोला के निर्देशानुसार किया गया।
शिविर का शुभारंभ विधायक श्री बृजभूषण गैरोला ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह नेगी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत “आशीर्वाद का दिया” थीम पर दीप प्रज्वलित किया गया। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, मानवता और जनकल्याण के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री बृजभूषण गैरोला ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है। उन्होंने आमजन से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए स्वैच्छिक रक्तदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
रक्तदान शिविर का आयोजन सीएचसी डोईवाला एवं हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटल ट्रस्ट (एचआईएचटी), जॉलीग्रांट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर में 08 रक्तदाताओं द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान कर कुल 08 यूनिट रक्तदान किया गया। साथ ही शिविर में उपस्थित लगभग 40–50 लोगों ने भविष्य में स्वैच्छिक रक्तदान करने का संकल्प लिया, जो रक्तदान के प्रति बढ़ती जन-जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता का सकारात्मक संदेश है।
रक्तदाताओं एवं भविष्य में रक्तदान का संकल्प लेने वाले लोगों ने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस पहल से आमजन में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश गया।
सीएचसी डोईवाला के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह रावत ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, रक्तदाताओं, एचआईएचटी जॉलीग्रांट की टीम, सीएचसी डोईवाला की चिकित्सा एवं स्वास्थ्य टीम तथा समस्त सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्तियों को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, क्योंकि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीएचसी डोईवाला, एचआईएचटी जॉलीग्रांट की टीम एवं समस्त कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।