वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल माह के अवसर पर यूपीएचसी शांतिनगर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
देहरादून
राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन तथा राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तत्वावधान में “अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस” और “वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल माह” (अक्टूबर 2026) के अंतर्गत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शांति नगर ऋषिकेश में एक विशेष स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज कुमार शर्मा के दिशा निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना, वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल व जांच सेवाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना था। शिविर में 25 से अधिक बुजुर्गों की स्वस्थ जांच भी की गई।
सीएमओ डॉ शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि वृद्धजनों हेतु विभागीय स्तर पर स्वास्थ्य योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वृद्धजनों की नियमित स्वास्थ्य जांच हेतु शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सभी प्रकार की जांच सेवाएं उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के सिटी अर्बन हेल्थ ऑफिसर राकेश बिष्ट ने संबोधन में कहा कि “स्वस्थ जीवन शैली ही स्वस्थ वृद्धावस्था का आधार है।” उन्होंने घर में बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने, पौष्टिक आहार लेने, नियमित व्यायाम, योग एवं ध्यान करने और समय-समय पर डॉक्टरी जांच कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि देहरादून जिला चिकित्सालय में जेरियाट्रिक (वृद्धावस्था) वार्ड के साथ-साथ फिजियोथेरेपी की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा, सभी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बुजुर्गों के लिए निःशुल्क जांच और औषधि सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर कुल 25 वरिष्ठ नागरिकों एवं वृद्धजनों ने प्रतिभाग किया। शिविर में आए बुजुर्गों राधेश्याम, गुलाबी देवी, लीला देवी, बीना देवी, ऋषिराज आदि की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान उच्च रक्तचाप, मधुमेह, दमा, पक्षाघात, टी.बी., निमोनिया, डिप्रेशन, हड्डी व जोड़ आदि वृद्धावस्था संबंधी विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया एवं संबंधित जांचें की गईं।
शिविर के दौरान जरूरतमंद बुजुर्गों को निःशुल्क स्वास्थ्य सहायक उपकरण एवं ताजे फलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में यह भी जानकारी दी गई कि वृद्धजन स्वास्थ्य संबंधी अधिक जानकारी या सहायता के लिए अपने नजदीकी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा सरकारी चिकित्सा के साथ साथ निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क कर सकते हैं।
शिविर का संचालन चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिया उनियाल की देखरेख में संपन्न हुआ। स्वास्थ्य जांच टीम में नर्सिंग ऑफिसर निशि, अंकुशा नेगी, अंजू सती, लैब सहायक शुभम नौटियाल, तथा एएनएम प्रियंका लिंगवाल, लक्ष्मी, पूजा आर्य, रश्मि भट्ट एवं हीना नौटियाल ने सक्रिय भूमिका निभाई और वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में आई ई सी समन्वयक पूजन नेगी, एनसीडी डाटा सहायक प्रवीन खत्री आदि उपस्थित रहे।
