वीएमएसबीयूटीयू में सत्यनिष्ठा की शपथ, ईमानदारी और पारदर्शिता पर दिया जोर
- देहरादून,
वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (वीएमएसबीयूटीयू), देहरादून में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर ने सभी को ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि कार्यप्रणाली में सत्यनिष्ठा, जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सुशासन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सभी शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यों में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता से ही समृद्ध भारत के निर्माण में प्रभावी योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने न तो रिश्वत देने और न ही लेने, अपने कार्यों में निष्पक्षता बनाए रखने तथा विश्वविद्यालय में ईमानदारी और सत्यनिष्ठा की संस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजेश उपाध्याय, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) एस. के. गोयल सहित शिक्षकगण, अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
