जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया जिला स्तरीय मुख्य समारोह का शुभारंभ
*हरिद्वार,
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनपद हरिद्वार में विभिन्न कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित किए गए। इस अवसर पर ऋषिकुल ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, राज्य आंदोलनकारियों, गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने प्रतिभाग किया।
समारोह के दौरान गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं आमजन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन को देखा तथा प्रदेश की विकास यात्रा और उपलब्धियों से रूबरू हुए।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्य आंदोलनकारियों को पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्य निर्माण के लिए उनके संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। वहीं, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों एवं लोकनृत्यों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों से समारोह में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य ने बीते 26 वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने जनपद हरिद्वार की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। इसके अंतर्गत जनपद हरिद्वार में अब तक एक लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं तथा यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा जनपद हरिद्वार को आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित किया गया है। नीति आयोग के संपूर्णता अभियान कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जनपद को मुख्यमंत्री एवं उत्तराखण्ड सरकार द्वारा सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही नीति आयोग की जुलाई 2022 में जारी रिपोर्ट में हरिद्वार ने देश के 112 आकांक्षी जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जिसके लिए जनपद को 10 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली। वहीं, मार्च 2024 की रैंकिंग में वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जनपद को तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 71 बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 2,231 शिकायतों का निस्तारण किया गया। 22 हजार से अधिक विभिन्न प्रमाण पत्र बनाने के लिए आवेदन प्राप्त हुए तथा 51 हजार से अधिक लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। उन्होंने मिशन ज्ञान गंगा, हरिद्वार का उल्लेख करते हुए कहा कि कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, सरल एवं सहज डिजिटल शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने की यह एक अभिनव पहल है।
उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना, प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना तथा गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता अभियानों की कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के समग्र विकास एवं विस्तार के लिए नई सोसाइटी के गठन को सैद्धांतिक अनुमोदन प्रदान किया गया है। इसके तहत योग एवं ध्यान केंद्र, आयुर्वेद अध्ययन केंद्र, ज्योतिष एवं प्राच्य अध्ययन केंद्र तथा ललित कला केंद्र विकसित किए जाने की योजना है।
