चांदमारी में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

देहरादून। सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। कैंट कोतवाली क्षेत्र के चांदमारी में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने, आपसी विवाद और शांति भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 नवंबर 2026 को कैंट कोतवाली पुलिस को चांदमारी क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद और झगड़े की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज करते हुए झगड़ा कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग और अधिक उग्र हो गए तथा एक-दूसरे को मारने-पीटने पर आमादा हो गए।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मौके से चारों व्यक्तियों को हिरासत में लेते हुए उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में विकास भरुण्डा (28) पुत्र सुनील कुमार, आकाश (33) पुत्र सुरेश कुमार, अजय (37) पुत्र राधेश्याम तथा संजय पंवार (40) पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम शामिल हैं। सभी निवासी चांदमारी, थाना कैंट, देहरादून हैं।

पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, अराजकता और शांति भंग करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।