कोरोना से पीड़ित स्वर्ण मंदिर के पूर्व हजूरी रागी ज्ञानी निर्मल सिंह ने तोड़ा दम

पंजाब में कोराना वायरस से COVID-19 से एक और मरीज की मौत हो गई है। स्‍वर्ण मंदिर साहिब के पूर्व हुजूरी रागी निर्मल सिंह का निधन हो गया है। वह पद्मश्री से सम्‍मानित थे। 62 साल के निर्मल सिंह को बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था और उनका इलाज किया जा रहा था। उन्‍होने वीरवार सुबह दम तोड़ दिया। इसके साथ ही पंजाब और चंडीगढ़ में कोरोना से मरने वालों की संख्‍या पांच हो गई है।

पद्मश्री से सम्‍मानित थे निर्मल सिंह, इंग्लैंड से लौटने के बाद दिल्ली व चंडीगढ़ में किए थे धार्मिक आयोजन

बुधवार को राज्‍य में पांच नए मामले सामने आए थे। एक केस लुधियाना, एक अमृतसर और तीन मोहाली से रिपोर्ट हुए। इनमें श्री हरिमंदिर साहिब के 62 वर्षीय पूर्व हुजूरी रागी भी शामिल थे। वह कुछ माह पहले इंग्लैंड से लौटे थे। उन्हें अमृतसर स्थित गुरुनानक देव अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। उनके परिवार और दो ड्राइवरों को क्वारंटाइन कर दिया गया है।

वहीं, लुधियाना में जिस महिला की मौत हो गई थी, उसके संपर्क में आने से एक और महिला संक्रमित हो गई है। हालांकि, परिवार के बाकी सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। मोहाली में बुधवार को तीन पॉजिटिव केस रिपोर्ट हुए हैं, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। मोहाली के नयागांव में मंगलवार को ही एक व्यक्ति की मौत हुई थी।

गौरतलब है कि इंग्लैंड से लौटने के बाद हुजूरी रागी ने चंडीगढ़ व दिल्ली में धार्मिक समागम भी किए थे, जिसमें हजारों लोग शामिल थे। उनके घर को जाने वाली गली को सील कर दिया है। साथ ही उनकी ट्रेवल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। सिविल सर्जन डॉ. प्रभदीप कौर जौहल के अनुसार हुजूरी रागी को खांसी व जुकाम की शिकायत थी। उन्हें 30 मार्च को सांस की तकलीफ होने पर सरकारी मेडिकल कॉलेज गुरुनानक देव अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में लाया गया था। पंजाब में पॉजिटिव मामलों की संख्या 46 पहुंच गई है। अब तक 1260 संदिग्ध मामलों में से 1149 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 65 की रिपोर्ट का इंतजार है। अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक मरीज ठीक हुआ है। 41 केस एक्टिव हैं।

चंडीगढ़ में भी एक पॉजिटिव केस मिला, मरीजों की संख्‍या 16 पहुंची

चंडीगढ़ में भी बुधवार को एक पॉजिटिव केस सामने आया। 10 दिन के अंदर चंडीगढ़ में कुल 16 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। सेक्टर-35 के रहने वाले 49 वर्षीय शख्स को 30 मार्च को जीएमएसएच-16 में भर्ती किया गया था। वह दुबई से लौटा था। वह मानसा के रहने वाले अपने दो रिश्तेदारों के संपर्क में भी आया था।

अटारी पर दो कस्टम अधिकारी क्वारंटाइन

भारत-पाकिस्तान सीमा पर आइसीपी अटारी में तैनात दो कस्टम अधिकारी होम क्वारंटाइन किए गए हैं। यह अधिकारी पाकिस्तान के दो पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आए थे, जो दिल्ली फोर्टिस से इलाज कर लौटे थे। पाकिस्तान में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

—-

पंजाब में अब तक की स्थिति

जिला :         पॉजिटिव केस-          मौत

नवांशहर –       19 –                      01

मोहाली –        10-                        01

होशियारपुर –   06-                        01

जालंधर –        05-                        00

अमृतसर –      02-                         01

लुधियाना-      03-                          ृ01

पटियाला-      01-                          00

ठीक हुए – 1