देहरादून दर्पण की ओर से कुंभ नगरी में चलाया गया वृक्षारोपण कार्यक्रम


देहरादून। हरेला पर्व के मौके पर देहरादून दर्पण और श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्वाण कुंभ मेला प्रबंधक महंत दुर्गादास महाराज जी की ओर से कुंभ नगरी में वृक्षारोपण किया गया। गुरुवार को हरिद्वार कनखल स्थित पंचायती अखाड़े के परिसर समेत कई अन्य जगहों पर देहरादून दर्पण और अखाड़ा परिषद की ओर से लगभग 200 पौधों को रोपा गया। इस मौके पर महंत दुर्गादास ने सभी प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति में पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई पर्व और त्योहार आते हैं। यह दर्शाता है कि भारतीय संस्कृति अपने आप में कितनी महान है। उन्होंने कहा कि ऐसे त्यौहार हमें सीधे प्रकृति से जोडे रखते हैं। महंत दुर्गादास ने पंचायती अखाड़े के परिसर में वृक्षारोपण करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में एक पेड़ को 10 पुत्रों के समान माना गया है। उन्होंने कहा कि जरूरी हो जाता है कि जब हम वृक्षारोपण करें तो उसका सही ढंग से लालन-पालन किया जाना चाहिए।
वहीं इस मौके पर देहरादून दर्पण के संपादक शूरवीर सिंह कठैत, सलाहकार अजय भट्ट और वरिष्ठ संवाददाता संदीप ढौंडियाल सहित श्री माँ योग शक्ति दिव्य धाम आश्रम ट्रस्टी एवं कोषाध्यक्ष श्री इंद्र मोहन मिश्रा, गंगा सभा के अध्यक्ष प्रदीप झा, सभासद अनमोल वशिष्ट, देहरादून दर्पण की पूरी टीम और अखाड़ा परिषद से जुड़े हुए तमाम लोग मौजूद रहे।
वृक्षारोपण करते हुए कठैत ने कहा कि एक पेड़ लगाओ और एक जिंदगी बचाओ। उन्होंने कहा कि जीवन के लिए पानी और हवा जरूरी है। जिसका एक मात्र स्रोत पेड़ – पौधे हैं। इसलिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में हमे मानवता को बचाने के लिए वृक्षारोपण करना चाहिए।