कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग में बड़ा फेरबदल, 24 पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
देहरादून, । वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग में संगठनात्मक विस्तार करते हुए विभिन्न मंडलों, जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिनव थापर ने 23 नवंबर को इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देशानुसार की गई इन नियुक्तियों का उद्देश्य पार्टी की गतिविधियों और अभियानों को डिजिटल माध्यमों से अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना है।
जारी आदेश के अनुसार महेंद्र सुंदरीयाल को गढ़वाल मंडल प्रभारी, ओंकार सिंह को उपाध्यक्ष एवं संगठन की जिम्मेदारी तथा राजकुमार को उपाध्यक्ष और कुमाऊं मंडल प्रभारी बनाया गया है। गोविंद प्रसाद को अल्मोड़ा तथा कमल किशोर बिष्ट को कोटद्वार महानगर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा राजकुमारी पंवार को पौड़ी, अजीत बहुगुणा को पौड़ी और विपिन नौटियाल को उत्तरकाशी में महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। जिला एवं महानगर स्तर पर विनोद कुमार को यमकेश्वर नगर, महेंद्र टट्टा को काशीपुर नगर, हरबंस पंवार को डालनवाला महानगर, सूरज गुंज्याल को नैनीताल, रवि पंत को अल्मोड़ा-रानीखेत, सतीश पंत को बागेश्वर, भुवन चौबे को पिथौरागढ़, जगदीश कुमार को चंपावत और जितेंद्र मेहता को डोईवाला का प्रभारी बनाया गया है।
इसी क्रम में सतीश डिमरी को रुद्रप्रयाग, भास्कर बहुगुणा को चमोली, उदित बिष्ट को ऋषिकेश महानगर एवं ग्रामीण, पंकज सोनकर को हरिद्वार महानगर, दीपक गुप्ता को देहरादून महानगर एवं पछवादून, दिनेश सकलानी को टिहरी गढ़वाल, ब्रजभूषण बहुगुणा को देवप्रयाग एवं परवादून, विजय हिरडवाल को पौड़ी, आनंद बुटोला को पुरोला और नीरज बहुगुणा को हरिद्वार ग्रामीण का प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा अजीत बहुगुणा को कोटद्वार एवं कोटद्वार महानगर, घनश्याम फुलारा को रुद्रपुर महानगर तथा भुवन अवस्थी और राजकुमारी पंवार को आंतरिक संचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इन नियुक्तियों से सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन की गतिविधियों, जनहित के मुद्दों और चुनावी अभियानों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
