बेटे पर दर्ज मुकदमे से नाराज महिला मोबाइल टावर पर चढ़ी आत्महत्या की धमकी से मचा हड़कंप



देहरादून, । रुद्रपुर के त्रिशूल चौक पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे कूदकर जान देने की धमकी देने लगी। महिला को टावर पर चढ़ा देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त बचाव अभियान चलाकर महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, महिला के बेटे के खिलाफ दिनेशपुर थाने में पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। इसी मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने उसके बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। बताया जा रहा है कि इसी कार्रवाई से नाराज होकर महिला ने मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि महिला का यह कदम मामले के शिकायतकर्ता और पुलिस पर दबाव बनाने तथा बेटे के खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई को प्रभावित करने के उद्देश्य से उठाया गया था।
जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को सूचना मिली कि त्रिशूल चौक स्थित यातायात कार्यालय के सामने लगे मोबाइल टावर पर एक महिला चढ़ गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला काफी ऊंचाई पर मौजूद है और नीचे कूदने की धमकी दे रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दमकल, एंबुलेंस और एसडीआरएफ को बुलाया गया। सभी विभागों की संयुक्त टीम ने सूझबूझ और सावधानी के साथ बचाव अभियान चलाया और महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
महिला की पहचान जगतपुरी, दिनेशपुर निवासी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गरुड़, जिला बागेश्वर की रहने वाली बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, उसके बेटे के खिलाफ दर्ज मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 और 79 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 11 और 12 के तहत मुकदमा पंजीकृत है।
महिला के टावर पर चढ़ने से त्रिशूल चौक पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही, जिससे सार्वजनिक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। हालांकि, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। समय रहते संयुक्त टीम की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।