महंत दुर्गादास को मिला श्री राम जन्मभूमि निर्माण कार्य आरंभ का आमंत्रण


संदीप ढौंडियाल
देहरादून। सदियों से जिस क्षण की प्रतीक्षा पूरा विश्व कर रहा था वह क्षण 5 अगस्त अब नजदीक ही है। राम के भक्तों के लिए इससे बड़ा सुखद और गर्व का पल शायद ही कोई हो जब राम मंदिर निर्माण कार्य प्रारंभ हो। ऐसे में हर कोई इस ऐतिहासिक क्षण का भागीदार बनना चाहता है। मंदिर ट्रस्ट की ओर से कुछ गिने-चुने साधु संतों से लेकर नामी-गिरामी लोगों को ही रामलला के मंदिर निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने के ऐतिहासिक क्षण पर आमंत्रित किया जा रहा है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्वाण कुंभ मेला प्रबंधक श्री महंत दुर्गा दास  महाराज जी को इस शुभ क्षण का साक्षी बने के लिए आमंत्रित किया गया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से उन्हें पत्र लिखकर अवगत कराया गया है।
वहीं महंत दुर्गादास ने अपनी खुशी जताते हुए सभी राम भक्तों और देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आज पूरे राष्ट्र में हर्ष और उल्लास का वातावरण है। उन्होंने कहा कि राम जी के देश में जिस राम राज्य की कल्पना की जाती है उसमें यह एक नीव का पत्थर साबित होगा। आपको बता दें आगामी 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाने वाला है। जिसके लिए तमाम साधु संतो से लेकर राम मंदिर आंदोलनकारियों व देश के नामी उद्योगपतियों को आमंत्रित किया गया है।